बुधवार, 14 जनवरी 2015

जीवन की पतंग

पतंग की बात हो रही थी, दिन में। बचपन और आनंद के दुर्लभ हो चले खेलों की बात करते हुए कौन भला ऐसा होगा जो थोड़ी देर छोटा न हो जाना चाहेगा। मैं भी हो गया। मुझे अचानक रामदास चाचा याद आ गये। पापा के दोस्त थे। स्कूल-कॉलेज की पढ़ाई साथ-साथ की थी ग्वालियर में। नौकरियाँ दोनों को मिलीं पर अलग-अलग विभागों में। रामदास चाचा को जल्दी तरक्कियाँ मिलीं। वे जेलर भी बन गये थे, शायद सुपर‍िडेण्ट जेलर। महीनों में जब कभी उनका भोपाल आना होता तो शाम को घर जरूर आते। प्राय: उनका मुख्य काम पापा के आने के पहले मुझे बाजार ले जाना होता। छोटी उम्र थी, शायद आज जैसी या इससे ज्यादा ही नासमझी भी रही होगी। मैं उनसे अपने मन-पसन्द की वे सब चीजें दिलवाने की जिद करता जो पापा-मम्मी की नजरों में फिजूल या बेकार की रहती।

रामदास चाचा सब खरिदवाते। कम्पॉस बॉक्स नया, भले बस्ते में रखा हो, पेन-पेंसिल, रबर, कटर सब कहता, खरीद दो। वे दिलवाते। बड़े अच्छे चाचा जी। फिर उनसे कहता, पतंग दिला दो। वे पतंग की दुकान ले जाते। वहाँ एक छोड़ तीन पतंगें पसन्द कर लेता। उस समय छोटी पतंग दो पैसे और बड़ी पतंगें पाँच, दस और पन्द्रह पैसे में आतीं। अपने को बमुश्किल पाँच पैसे मिला करते। पतंग की कब लायी, कब फट गयी पता नहीं। चकरी, सद्दी, माँजे का भी दारिद्रय। ऐसे में चाचा मसीहा बनकर आते। उनसे एक चकरी, माँजा, सद्दी खरीद देने को कहता। पन्द्रह-बीस रुपए चाचा खर्चते मेरे ऊपर और अपन राजा। गर्व से उनका हाथ थामे घर लौटते। पापा नाराज होते, चाचा पर भी, कहते, ये नालायक है, तुम और इसे बिगाड़ने में लगे हो। इस पर रामदास चाचा उनसे हँसकर कहते, अन्नू को कुछ मत कहो, हमारा एक ही तो भतीजा है, वाकई उस वक्त अपन एक ही थे, भाई-बहन बाद में आये।

रामदास चाचा से बस इतना ही स्वार्थ रहता। चाचा फिर पापा के साथ बातचीत करते, ग्वालियर के हालचाल, भोपाल आने का कारण, नौकरी की बातें, प्रमोशन वगैरह। खाना-वाना साथ खाते, रसरंजन भी होता और बड़े भावुक होकर, गले मिलकर लौट जाते। उनकी पापा की आत्मीयता कमाल थी। अक्सर वो चिट्ठी भी लिखा करते, मुझे याद है उसमें पापा के लिए उनका सम्बोधन - डियर दादा, मधुर मिलन..........फिर सारा हाल। उनका आना वाकई अपने लिए बड़ा खास होता। एक बार पापा ने ऑफिस से लौटकर उनके बारे में मम्मी से बताया था, तब मैंने भी सुना था कि वे नहीं रहे। तब नहीं रहने का अर्थ ज्यादा समझ में नहीं आता था। बाद में जब समझ आया तब उनकी बहुत याद आती रही। आज भी आयी, उनका पूरा व्यक्तित्व जेलर की वर्दी में उनका आना, बड़ा रोबीला होता।

उनकी दिलायी पतंगें कई दिन चलतीं। पतंग उड़ाने के लिए जरूरी है कोई आपका सहायक उसे दूर तक ले जाकर ऊँचा उछाले, युक्तिपूर्वक, जिसे हम छुट्टी देना कहते थे, इस काम के लिए कोई मिलता नहीं था। मोहल्ले के जूनियर साथी इस लालच में कि उड़ने लगने के बाद उन्हें भी उड़ाने दूँ, छुट्टी दिया करते थे। घर के सामने स्कूल के मैदान से लेकर, घर की छत और कहाँ नहीं पतंग उड़ायी। पतंग के चक्कर में कई बार गिरे, पड़े और मम्मी से खासे पिटे भी। लेकिन तब डाँट, फटकार और पिटायी का प्रतिवर्ती प्रभाव दुस्साहस में तब्दील होकर और समृद्ध हुआ करता था। पतंगें खूब ऊँची उड़ायीं, अपनी कटी तो दुख मनाया, दूसरे की काटी तो खुश हुए। एक समय पतंग के साथ-साथ अपनी कामनाओं के उड़ने का भी हुआ करता था। आज याद आता है तो आकाश में पतंगे उस उदारता से दिखायी नहीं पड़तीं जो अपनी गोद में कामनाओं को बैठाकर दूर कहीं ऊँचे ले जायें.............

शनिवार, 10 जनवरी 2015

गुलाब विश्व में रमण करते हुए

तय नहीं कर पाया कि इसे गुलाब का गाँव कहूँ या विश्व। गुलाब है इसलिए गाँव कहने में सहज महसूस नहीं किया। गुलाब का विश्व ठीक है। ऐसा ही एहसास करने की भी कोशिश की जब सतह से तेज भागती ठण्डी हवा ने मुट्ठी भर महक भी उस सड़क पर उड़ेल दी, जहाँ से होकर जा रहा था। दायीं ओर निगाह गयी तो सड़क किनारे गाड़ियों को कतार में खड़ा पाया। बड़ा सा बगीचा था जिसमें सफेद कनातों से घिरा वह विश्व था, जिसे गुलाबों का विश्व कहा जा सकता है। महक का रास्ता वहीं से होकर आया था, चेतना झंकृत सी हो गयी।
गुलाब के फूल का अपना महत्व है। अपने स्वभाव का वह अलग सा ही फूल है, जितना ही खूबसूरत, उतना ही पल भर में बिखर जाने वाला। उसको सहेजना कठिन है और छूना जितना सुखद उतना ही जोखिम भरा। गुलाब की खूबसूरती के चारों तरफ उसकी हिफाजत करने वाले सख्त काँटों को देखकर मन सिहर उठता है पर फिर भी गुलाब से आँख कहाँ हटती है! राजकपूर की फिल्म मेरा नाम जोकर में वे शायद अपनी टोपी के अन्दर गुलाब ही छुपाकर रखते थे, नायिका को देने के लिए।
गुलाब बहुत सारे रंगों, आकारों और विन्यासों में देखा। वर्षों पहले शहर के ही एक अखबार के ‍लिए ऐसी प्रदर्शनी देखकर, सम्पादक जी की चाहत अनुसार कविताई रिपोर्टिंग करने का काम मिला था, वह याद आ गया। उस समय यह प्रदर्शनी बड़ी झील के किनारे लगी थी, अब वह अस्पताल के सामने लगने लगी है। मन कहता है कि इतने सारे गुलाबों की महक से अस्पताल में उन तक महक पहुँचती होगी तो उन्हें बहुत अच्छा लगता होगा, जिनकी तबियत खराब होती होगी।
शहर में दिन शुरू होते ही प्रेमी-प्रेमिका चेहरा बांध-बूँधकर मोटरसायकिल में जाने कहाँ-कहाँ घूमने निकल जाते हैं। वे तालाबों के किनारे या बाग-बागीचों में आबोहवा या प्रकृति के प्रति अनुराग के वशीभूत होकर अपना समय नहीं बिताते होंगे, ज्यादातर झुँझलाते या बहस करते दीखते हैं या उलाहने देते हुए। घण्टे भर गुलाब विश्व में रमते हुए ऐसा कोई जोड़ा नहीं दीखा जो गुलाब की खूबसूरती देखने-दिखाने आया हो।
गुलाब की खूबसूरती को सराहने वालों का अन्दाज दिलचस्प होता है। रमण करने वालों को सभी के सभी गुलाब सुन्दर, खूबसूरत, ब्यूटीफुल और वाओ लगते हैं। वास्तव में इस फूल की प्रकृति अचम्भित करके रख देती है। गुलाब का विभिन्न रंगों में यहाँ व्यक्त होना, उनका विन्यास चकित करके रख देता है। मुख्य रूप से तो सुर्ख-रक्ताभ गुलाब की खूबसूरती का शायद ही कोई पर्याय हो। लाल गुलाब से ध्यान मुश्किल से हटता है। आमतौर पर गुलाब, नाम के अनुरूप गुलाबी और गुलाबी में भी गहरे और हल्के रंगों की अनेक छायाओं में दिखायी देते हैं। पीला गुलाब देखना बहुत सुहाता है। यदि कहें कि सुर्ख लाल रंग का गुलाब मादकता का बोध कराता है तो पीला गुलाब मद्धम मुस्कुराता-लजाता सा महसूस होता है। सफेद गुलाब की शालीनता को उसके अनूठेपन में परिभाषित किया जा सकता है।
प्रयोगधर्मी समय में गुलाब उपरोक्त प्रमुख रंगों के अतिरिक्त नीले, हरे, बैंगनी आदि अनेक रंगों में दिखायी देते हैं किन्तु मूलभूत रूप से लाल, गुलाबी, पीला और सफेद गुलाब सीधे हमारे संज्ञान से जुड़ा है। गुलाब के फूलों की अनुभूति सीधे अनुराग से जुड़ी है। हमारे सिनेमा में ऐसे कितने ही दृश्य यादगार हैं जिसमें नायिका या तो स्वयं अपने बालों, जूड़े में गुलाब लगा रही होती है या उसका नायक प्रेम में भरकर मुस्कुराते हुए उसके बालों में गुलाब लगाता है। ऐसे दृश्य बहुत से एहसासों का पुनर्स्मरण कराते हैं। गुलाब पेश करना और उसका स्वीकार लिया जाना किसी के भी जीवन का दुनिया जीत लिए जाने जैसी अनुभूति रहा होगा, निश्चित ही। स्मृतियों में किताब में रखे-रखे सूख गये गुलाब भी याद आते होंगे जो देना थे मगर दे नहीं पाये। गुलाब का फूल शाहजहाँ की तस्वीर में उनके हाथों में हमेशा रहा है।
आज शायद ही किसी को गुलाब के सहारे अपनी ख्वाहिशों की दुनिया जीतने का ख्याल कभी आता हो..........

गुरुवार, 8 जनवरी 2015

भीतर फूल से धर्मेन्द्र

धर्मेन्द्र बीते 8 दिसम्बर को अस्सीवें वर्ष में प्रवेश कर गये हैं। साल दर साल बढ़ती उम्र का एहसास रोमांचक है, तब जब वर्षों से हर जन्मदिन पर उनके साथ होने का सान्निध्य रहा हो। इस साल का जन्मदिन सक्रियता और व्यस्तताभरा है क्योंकि वे शूटिंग कर रहे हैं। शूटिंग में ही उनका यह विशेष जन्मदिन मनाया जायेगा। अपने हर जन्मदिन पर वे अपने चाहने वालों से दिन भर मिलते हैं। सबसे पुराने रिश्ते निबाहने वाले इस खूबसूरत और विनम्र इन्सान को बधाई देने दिन भर साथ के कलाकार आते हैं, वे कलाकार भी आते हैं जो बेटों के मित्र हैं, वे भी जिनके साथ काम किया है, निर्देशक आदि सभी। इसके अलावा वे थोड़ी-थोड़ी देर में बड़ी चिन्ता और जिम्मेदारी से मुख्य दरवाजे के बाहर भी चले जाया करते हैं जहाँ भीड़ भर चाहने वाले उनसे मिलने की ललक लिए खड़े रहते हैं। वे सभी से मिलते हैं। बाहर गये तो फिर मुरीदों के होकर रह जाते हैं। सबके मन की इच्छा पूरी करते हैं। मन की इच्छा फोटो खिंचवाना, दूरदराज से साथ लेकर आये तोहफों को प्रेमपूर्वक स्वीकार करना। धर्मेन्द्र किसी को निराश नहीं करते। मिलने वाले सुखद स्मृतियाँ लेकर जाते हैं। सुरक्षा गार्डों को वे कह देते हैं किसी पर जोर-जबरदस्ती बिल्कुल नहीं करना है। कोई कहता है कि धर्मेन्द्र का सीना बहुत बड़ा है, कोई फीता नहीं ऐसा जो नाप सके।

बात वाकई सही है। एक बात बड़ी स्वाभाविक और एक सी ही देखी है। धर्मेन्द्र की इण्डस्ट्री में सभी तारीफ करते हैं। इसकी वजह यह है कि वे सबको प्रोत्साहित करने वाले कलाकार हैं। उन्होंने अपने बेटों के साथ काम करने वाली पीढ़ी की भी पीठ थपथपायी और उनके साथ काम किया। सेट पर शूटिंग के वक्त उनका काम के प्रति समर्पण अलग सा है। वे पूरी तरह निर्देशक के मित्र हो जाते हैं। सहायक निर्देशक जो दृश्य के बारे में बतलाने आते हैं उनके साथ भी उनका व्यवहार बड़ा आत्मीय होता है। सेट पर उनके होने को अनुशासन की तरह भी लिया जाता है। धर्मेन्द्र मिल रहे आदर को अपनी पूँजी मानते हैं वे कहते हैं कि ये सब बच्चे लोग इतनी इज्जत देते हैं, इतना प्यार करते हैं, मुझे लगता है कि पचास साल से ज्यादा समय जो इस संसार को दिया है वह व्यर्थ नहीं गया है।

धर्मेन्द्र को अपने सब निर्देशक याद आते हैं। वे उस स्वर्णिम काल को याद करते हैं जब बड़ी ही स्वस्थ स्पर्धा के साथ अच्छी-अच्छी फिल्में बना करती थीं। एक साथ पाँच-छः निर्देशक अपनी-अपनी फिल्मों के साथ सक्रिय रहा करते थे। एक साथ अनेक नायक अपनी-अपनी फिल्मों में काम करते हुए अपना श्रेष्ठतम देने का प्रयास करते करते थे। फिल्में चलती थीं, एक-दूसरे की सराहना होती थी। परिवारों की तरह मिलना-जुलना हुआ करता था। अवार्डों-समारोहों की आब देखते ही बनती थी। अवार्ड मिलना-नहीं मिलना एक बात होती थी लेकिन काम किसने अच्छा किया, इस बात को लेकर श्रेय देने से पीछे कोई हटता नहीं था। धर्मेन्द्र कहते हैं कि मेरा सौभाग्य रहा कि बहुत गुणी डायरेक्टरों के साथ काम किया, बिमल राय, हृषिकेश मुखर्जी, रामानंद सागर, असित सेन, रघुनाथ झालानी, मोहन कुमार, जे. ओमप्रकाश, बी. आर. चोपड़ा, यश चोपड़ा, ओ. पी. रल्हन, रमेश सिप्पी आदि कितने ही अलग दृष्टि और सिद्धान्तों के फिल्मकार जिन्होंने अपनी फिल्में मनोयोग से बनायीं, उनकी पटकथा पर गम्भीरता से काम किया, गीत-संगीत को देखा और यहाँ तक कि सहायक कलाकारों, एक्स्ट्रा तक को साथ लेकर चले। 

परदे पर धर्मेन्द्र के होने का मतलब दर्शक जानते हैं। उनकी फिल्मों के नाम सभी को याद हैं। सबने वे फिल्में कई-कई बार देखी हैं। दर्शकों ने ही उन्हें मर्द, इण्डियन जेम्सबाॅण्ड, सदाबहार, ही-मैन आदि विशेषणों से स्थापित किए रखा है। दर्शकों ने उन्हें हर दौर में पसन्द किया है। ऐसा अनेक बार हुआ होगा जब एक वक्त में किसी नायक-महानायक विशेष का वर्चस्व रहा होगा लेकिन अचानक से उसी बीच धर्मेन्द्र की कोई फिल्म ऐसी आ गयी कि सबका ध्यान उस फिल्म की ओर मुड़ गया और फिल्म सुपरहिट हो गयी। ऐसे दौरों को धर्मेन्द्र ने खूब आजमाया और उस वक्त की लोकप्रियता का सुख उठाया है। धर्मेन्द्र अपनी फिल्मों में किस्म-किस्म के किरदार करते रहे हैं। उन्हें खलनायक डाकुओं से लड़ने वाले बहादुर युवा के रूप में भी पसन्द किया गया है और जब वे खुद डाकू बनकर आये तब भी सराहा गया। वे पुलिस इन्स्पेक्टर भी खूब जमे और पाॅकेटमार के रूप में भी। दर्शकों धर्मेन्द्र को चोर के रूप में देखकर खुशी से फूला नहीं समाते थे, ऐसा चोर जो पुलिस की आँखों में धूल झोंककर बड़ी से बड़ी चोरी कर लेता है, कीमती से कीमती हीरा चुरा लेता है। वे छुपे रुस्तम की तरह पुलिस अधिकारी, सी बी आई और सी आई डी अधिकारी बनकर भी बहुत प्रभावित करते रहे हैं।

धर्मेन्द्र जैसा नायक देश के दुश्मनों से लड़ता है तो उनके प्रति मुग्ध हुआ दर्शक धीरज छोड़ देता है। किसी जमाने में खलनायक शेट्टी से धर्मेन्द्र का फाइट सीन प्रायः हर फिल्म में रहा है। ऐसी अनेक फिल्में आयीं हैं जिनमें धर्मेन्द्र की सीधे शेर से लड़ाई के रोमांचक दृश्य फिल्माये गये हैं। खूँखार, कद्दावर विलेन से धर्मेन्द्र सीधे जा भिड़े हैं, क्षमताओं में पत्थर सा वज्र लिए यह हीरो रोमांटिक दृश्यों में कितना शर्मीला हो जाता है। कई बार वो नायिका से अपने दिल की बात नहीं कह पाता। कई बार दिल की बात इस तरह कहता है कि मैं जट यमला पगला दीवाना गाते हुए बेसुध जमीन पर लोट लगा देता है। भावुक और संवेदनशील दृश्यों में धर्मेन्द्र की आँखों में बिना ग्लिसरीन के आँसू आ जाते हैं। ऐसे दृश्यों में जब वे बिछुड़ कर मिली माँ, पिता, बहन या भाई से मिल रहे होते हैं, परदे पर गंगा-जमुना बह चलती है। धर्मेन्द्र हमारे समय के ऐसे नायक हैं जिनके व्यक्तित्व से उन्हीं की फिल्म का एक नाम फूल और पत्थर बड़ा मिलता सा लगता है। उनकी उदारता के अनेक किस्से हैं, वे ऐसे इन्सान हैं जो अपने घर चोरी की नीयत से कूदे चोर को भी खाना खिलाकर और कुछ नकद देकर यह नसीहत देकर विदा करते हैं कि आइन्दा चोरी मत करना.................।

रविवार, 28 दिसंबर 2014

चोट कुछ अलग सी होती है......

चोट दुखती है बहुत अगर अपनी असावधानी से लग जाती है। चोट दुखती है अगर दूसरे की असावधानी से लग जाती है। अक्सर यह समझ पाना कठिन होता है कि चोट सबसे ज्यादा कब दुखती है? अपनी असावधानी से लग जाने के कारण या दूसरे की असावधानी से लग जाने के कारण। बहरहाल दर्द तो होता है, दुखता तो है ही। दुखना, दुख से उपजा शब्द है शायद। दुख देह में नहीं होता, मन में होता है। जब दुख मन में होता है ताे मन देह घर में ही चुपचाप एक कोने में अकेले बैठे रह जाना चाहता है। पता नहीं मन किस जगह से उठ या हटकर अपना एकान्त चुनता है, एक अंधरी कोठरी चुनता है जहाँ वह हमारी ही तरह घुटने मोड़कर उनमें मुँह छिपाकर बैठ जाया करता है। ऐसा सोचते हुए लगता है कि मन अपनी देह अलग गढ़ लिया करता है या हम अपने मन की देह अलग गढ़ दिया कर देते हैं। मन का इस तरह बैठ जाना और गहरी चुप्पी धारण करना देह से नहीं छूट सकने वाले हाथ को छुड़ाने की कोशिश सा जान पड़ता है। इसकी सफलता या विफलता, जीत या हार हमारे बाहर को प्रभावित करती है। 

चोट का पूरा का पूरा मिजाज अलग तरह का होता है, अक्सर लोग उसे पास-पड़ोस के शब्दों जैसे जख्म या घाव से भी जोड़ते हैं पर सचाई यह है कि चोट इन सबके पहले की अवस्था होती है। जख्म या घाव की तरह चोट प्रकट अवस्था में नहीं होती। उसका अप्रकट होना ही दरअसल हमारी संवेदना को उसकी तरफ एकाग्र करता है। शेष दो अवस्थाओं में हम सब कुछ के एक तरह से भिज्ञ ही होते हैं और उसके निदान को लेकर भी अनावश्यक संशय में नहीं रहते लेकिन चोट के साथ ऐसा नहीं है। चोट हमारे कदमों को पीछे, बहुत पीछे लौटा कर ले आने को होती है। वह दबाव शायद इस तरह का होता है कि हम उसका प्रतिरोध भी नहीं कर पाते। दी हुई चोट किसी भी संवेदनशील मनुष्य को ज्यादा तंग करती है। चोट कई बार छुए से मालूम नहीं देती, कई बार चोट छुए भर से मालूम हो जाती है। चोट के साथ स्पर्श का रिश्ता बहुत नम्र और कई मायनों में असरकारी भी होता है।

मन की चोट बरसों बनी रहती है। ऐसी चोट बढ़ती या घटती नहीं है पर बनी सदैव रहती है। देह से लेकर मन तक दरअसल महीन धागों की बुनी हुई ऐसी चादर भीतर ही भीतर कोई ढाँप कर छोड़ देता है, इस तरह की छुपी पीड़ा अपनी तपन को एक जैसा बनाये रखती है। नम्र स्पर्श, भूल को महसूस करने वाली नन्हीं-नन्हीं ग्लानियाँ चोट का धीमे-धीमे निवारण करने का अगर सच सरीखा प्रयत्न करते हैं तो सम्भवत:  वह चोट भी ठीक होती है जो ऋतुओं और त्यौहारों पर थोड़ी-थोड़ी हरियाई सी रहती है। सहलाहट केवल अँगुलियों या हथेलियों भर का हुनर नहीं है, सहलाहट सच कहा जाये तो सच्चे मन से स्वीकारी गयी भूल और उसी मन से किए जाने वाले प्रायश्चित या पछतावे की फिलॉसफी है। चोट को सहलाकर हम अपने मन तक उसके दर्द या पीड़ा के एहसासी होते हैं, यह एहसास हमें आत्मबोध कराता है और मान लीजिए चोट पहुँचाने की वृत्ति के प्रति थोड़ा-बहुत भी सचेत करता है, तो इससे बड़ी बात क्या हो सकती है! कुछ हो सकती है भला!!

रविवार, 21 दिसंबर 2014

पप्पू का दर्शन शास्त्र


हर बार यही होता है कि जुल्फें जरूरत से ज्यादा बढ़ जाती हैं और उन पर कैंची चलवाने का मौका मुश्किल से आता है। इधर दो-तीन दिन से सुबह बड़े अवसर थे मगर अपनी अलाली और शिथिलताओं से गँवाते रहे। इतवार फिलहाल आखिरी मौका था। मैं यथासम्भव मैले और गन्दे कपड़े पहनकर उसकी दुकान पहुँचा तो उसको सामने एकदम फुरसत में पानी पीते हुए खड़ा देखकर एक्टिवा से ही कूद जाने को हुआ। सेठ है अपनी दुकान का। बहुत व्यस्त रहता है और हर कोई उसी से बाल कटवाना चाहता है। मुझे लगा, ऐसा न हो गाड़ी खड़ी करने से लेकर उसके पास जाने के बीच, बीच से कोई आ जाये और अपना नम्बर लगा दे। बहरहाल ऐसा हुआ नहीं और मैं भी गाड़ी में लदे-लदे ही चिल्ला दिया, पप्पू भाई, अपना नम्बर।

मुझे देखकर या मेरी बात से उसे जैसे कोई खुशी नहीं हुई, वह वाकई फ्री था सो अनौपचारिक रूप से मेरे ही अनुसरण में दुकान में अन्दर चला आया और कहने लगा, कल नहीं आये, इन्तजार करता रहा? मैंने कहा, कल कब आने वाले थे, हमने तो नहीं बताया। वह बोला, संजू भैया आये थे, वो कह रहे थे। मैंने कह दिया, मजबूरी में उत्तर दिया होगा, तुमने उनसे पूछा होगा, यह सोचकर कि कहीं और से तो हम बाल नहीं कटवा रहे। इस पर तम्बाखू खाया पप्पू ही ही करने लगा, नहीं भाई साहब, ऐसी बात थोड़े ही है।

उसने कोने की कुरसी पर मुझे बैठने का इशारा किया और इसी बीच उसके दो आशिक आ गये जो जिद करने लगे, चलो यार, चलो यार, पहले मुझे निपटा दो, मेरे बाल काट दो। उनकी छीना-झपटी के बीच पप्पू ने मेरी ओर इशारा किया, भाई साहब बैठे हैं, इनके बाद ही। मुझे पप्पू के इन्साफ पर गर्व हुआ। दूध का दूध, पानी का पानी। वे पीछे बैंच पर बैठ गये और सामने कोने पर रखे छोटे से रंगीन टीवी में नरेन्द्र चंचल के भजन देखने लगे, इधर पप्पू मुझे ओढ़ा-ढँपाकर शुरू हो गया। बीच में उसका एक नौकर आया, उसको उसने आड़े हाथों लिया, क्यों क्या चक्कर चल रहा है तेरा, सुबह पानी गरम होता रहा और तूने स्विच बन्द नहीं किया, क्या बात है, कोई माशूका पाल ली है क्या? मैं पप्पू का चेहरा शीशे में देखते हुए मुस्कुराया तो कहने लगा, हाँ भाई साहब या तो माशूका आ जाये या उधारी हो, तभी आदमी का दिमाग उलझा रहता है। मुझे लगा इसके दर्शन पर गौर करूँ, फिर सोचा, नहीं गर्व करना ठीक होगा।

बीच में पप्पू से मैंने एक परामर्श भी लिया। मैंने उससे कहा, पिछले दिनों बहन तोहफे में एक बड़ा सा डिब्बा झाग वाली शेविंग क्रीम का दे गयी है, जिन्दगी में कभी देखा नहीं, लगाकर दाढ़ी बनाना तो दूर की बात, कैसे उसका उपयोग करूँ? तब उसने सामने ही शो-केस में रखे उसी तरह के डिब्बे को उठाकर, मुझे प्रशिक्षित किया, पहले गालों में पानी लगाऊँ, फिर डिब्बे को शेक करूँ, थोड़ा हथेली में रखूँ और हल्के-हल्के रगड़कर झाग उठाऊँ, थोड़ी देर बाद दाढ़ी मुलायम हो जायेगी तब रेजर से काट लूँ। नासमझ विद्यार्थी की तरह मैंने पूरा सुना फिर समझ आ जाने वाली समझदारी के साथ उसे यह एहसास भी कराया कि जान गया हूँ।

इस बीच पप्पू ने एक बार बाल काटते हुए आधा काम छोड़कर बाहर जाकर चाय भी पी। तम्बाखू भी फटकार कर खायी और मुझे एक काम भी सौंपा, कहा इस बार मुम्बई जाऊँ तो उससे मिलकर जाऊँ क्योंकि वहाँ क्राफर्ड मार्केट में नाक के बाल कुतरने की छोटी सी इलेक्ट्राॅनिक मशीन मिलती है, वह लेकर जरूर आऊँ। मैंने उससे पूछा, जोखिम भरा उपकरण तो नहीं है, नाक के बाल कुतरने के बजाय अराजक हो जाये तो नाक ही उधेड़ दे, इस पर पप्पू ने कहा नहीं भाई साहब, विदेशी है, एकदम शानदार।

इधर पीछे दो ग्राहक कसमसाकर पप्पू को खूब जल्दी से फ्री होने को कह रहे थे लेकिन पप्पू ने आज पूरी तसल्ली से मुझे महीने-पन्द्रह दिन लायक बना दिया। सब वादे और तमाम शुक्रिया के बाद जब मैं उसके सैलून से बाहर निकला, तो सच कहूँ, बड़ा अच्छा लग रहा था। पप्पू है तो सिर शेप में है, वाकई....................

बुधवार, 17 दिसंबर 2014

पत्रिकाओं से जन्मजात सरोकार की बात पर..........

पत्रिकाओं को लेकर बचपन से ही बड़ी ललक रही है। छोटे थे तब पापा-मम्मी ने अखबार वाले हॉकर करीम चाचा से तीन पत्रिकाएँ बँधवा दी थीं, चम्पक, नंदन और पराग। प्राय: ये पत्रिकाएँ साप्ताहिक ही हुआ करती थीं। आगे चलकर हमें जब लोटपोट और चन्दामामा के बारे में जानकारी हुई तो हमने मम्मी-पापा की आफत करके ये दोनों पत्रिकाएँ भी करीम चाचा से लगवा लीं। इन पत्रिकाओं की प्रतीक्षा जागते ही करने लगते। 

करीम चाचा बड़े दिलचस्प आदमी थे। सायकिल में अखबार सजाये जब वे मोहल्ले में दाखिल होते थे तो हर घर के लोगों को जानने और नाम-सरनेम से बुलाने, बच्चों को उनके नाम से बुलाने के कारण, जोर से बोलने की वजह से पता चल जाया करता था कि वे आ रहे हैं। मैं अक्सर व्यग्रता में दूर उनके पास पहुँच जाता था अखबार और अपनी पत्रिकाओं के लालच में पर वे मुझे तंग करते थे, कहकर कि भाग जा, घर पहुँच, वहीं मिलेगा अखबार। मैं ठुनकने लगता तो और चिढ़ाते। मैं घर में उनकी शिकायत करता तो शिकायत को तवज्जो न मिलती। करीम चाचा कई बार अचानक बिन आहट आकर आवाज लगा देते और जो पत्रिका नयी आयी होती उसका नाम लेकर बुलाते। कई बार वे पास बुलाते और न देकर आँगन में अखबार और पत्रिकाएँ उछालकर फेंक देते तब भी मैं उन पर बहुत चिढ़ता। 

जो पत्रिकाएँ बचपन में पढ़ने को मिलतीं उनकी आदत सी बन गयी थी। पढ़ लिए अंक व्यवस्थित जमाकर रखता था। मोहल्ले में किसी को पत्रिका नहीं देता था। पड़ोस में सहाय मौसी मम्मी से अक्कसर कहतीं, सुशीला तुम्हारा लड़का बड़े छोटे जी का है। मैं चम्पक के चीकू, नंदन के तेनालीराम और विशेषकर दो चित्रों में दस गल्तियाँ ढूँढ़ने वाले पन्ने पहले खोलता। मुझे चन्दामामा में बेताल कथाएँ बहुत सिहरा देतीं, हठी विक्रमार्क पेड़ के पास फिर लौट आया, पेड़ से शव को उतार कर कंधे पर लादकर चलने लगा, यहाँ से शुरूआत होती और आखिर में बेताल का प्रश्न जिसका उत्तर यदि विक्रमार्क जानते हुए न देगा तो सिर टुकड़े-टुकड़े हो जायेगा और देगा तो बेताल उड़कर फिर पेड़ पर जा बैठेगा। इसको पढ़ने का रोमांच होता। इसी तरह पराग का भी अपना आकर्षण था। उसमें के पी सक्सेना जी का धारावाहिक खलीफा तरबूजी आज भी याद है, उनकी बेगम, पिंजरे में तोता और रेल की लम्बी यात्रा के किस्से, पढ़ा करते। 

जब लोटपोट पढ़ना शुरू किया तो उसमें चाचा चौधरी, मोटू पतलू खूब सुहाते। मोटू पतलू की कहानी के चित्रमयी पन्नों में उनके साथी घसीटाराम, चेलाराम, डॉक्टर झटका, सिस्टर मधुबाला के कारनामे हँसा-हँसाकर वाकई लोटपोट कर दिया करते। बचपन से बाहर आये तो जैसे इस संसार से भी बाहर आ गये या यों कह लीजिए कि यह संसार भी छूट गया। अब चम्पक, नंदन का रूप ही बदल गया है, चन्दामामा कभी-कभार पत्रिकाओं की दुकान पर दिखायी देता है। लोटपोट दुर्लभ है। पराग तो बन्द ही हो गयी।  आज के बचपन को इन पत्रिकाओं का पता भी न होगा और उनकी जिज्ञासाओं में शामिल भी शायद न होती हो। बचपन भी पढ़ने के धीरज और धैर्य से बाहर हो गया प्रतीत होता है। अब नानियों, दादियों के पास भी शायद कहानियाँ नहीं हैं, माँ के पास तो और भी दुर्लभ। 

पत्रिकाओं का अपना चस्का लेकिन आज भी बरकरार है। दो-तीन दिन में यदि भोपाल में घर से कुछ दूर न्यूमार्केट के गुरु तेग बहादुर कॉम्पलेक्स में वैरायटी बुक हाउस न जाओ तो बड़ी बेचैनी महसूस होती है। अब इण्डिया टुडे, तहलका, अहा जिन्दगी, कथादेश, नया ज्ञानोदय, हंस, समास के अंकों को लेकर जिज्ञासा बनी रहती है। मन के अंक खरीदा करता हूँ। मुझे लगता है कि वाकई महँगाई के इस दौर में अखबार और पत्रिकाएँ आज भी जिस मूल्य पर मिला करते हैं वह बहुत कम है। अपने समय, दृश्य और दुनिया में छोटी मोटी पैठ बनाये रखने के लिए, थोड़ा बहुत जाने रहने के लिए पत्रिकाएँ बड़े काम की हुआ करती हैं। पढ़ना आज के कठिन समय को सहने और समझने की अहम प्रक्रिया है। यह ऐसी पगडण्डी है जो दुर्लभ हो चली है, दुरूह भी। क्षमताभर फिर भी मैं उसमें आवाजाही के जतन कर लिया करता हूँ भले ही पढ़ते-पढ़ते सो जाऊँ।

रविवार, 14 दिसंबर 2014

जिन्दगी के कर्टन रेजर

श्रीराम ताम्रकर का नहीं रहना, बहुत सारी स्मृतियों और बातों के पुनर्स्मरण का सबब बन गया है। वे सिनेमा के थे, उनसे सिनेमा को जानने का सौभाग्य मिला था, सब कुछ सिनेमा की रील की तरह ही चल रहा है। ऐसा लगता है इस हृदयविदारक घटना ने अपने आप एक बड़ा सा कर्टन रेजर तैयार कर दिया है, छोटे-छोटे दृश्य उपजते हैं, प्रसंग सामने फिर से घटित होने लगते हैं, संवाद होने लगता है, कहकहे लगते हैं, बात होने लगती है, अपनापन दिखायी देता है, टेलीफोन सुनायी देने लगता है। 

उनका मोबाइल नम्बर बार-बार देखता हूँ। आँखें भीग जाती हैं। अब वे उधर से दो अक्षरों के हैलो का जरा विस्तीर्ण कर थोड़े ही बोलेंगे, हैल्ल्लो....! भोपाल में स्कूटर की यात्राएँ याद आती हैं, शुरू शुरू की जब बैठते ही कहते थे, पेट्रोल पंप ले चलो, जिद माननी होती थी, इकट्ठा पाँच लीटर भरवा दिया करते थे। जितने दिन भोपाल में रहें, साथ खाना खाया, काम किया। त्रिवेन्द्रम गये, मुम्बई गये, दिल्ली गये, पुणे गये और भी कहाँ कहाँ। 

धरम जी से पहली बार मिले तो साथ मिले। उन्होंने ही धरम जी से कहा था कि आप शोले फिल्म का वो सिक्का जो जिसके दोनो ओर हेड है, तिस पर धरम जी ने खड़े होकर उन्हें गले लगा लिया था, कहते हुए, वाह यार क्या बात कही है। वे नईदुनिया के फिल्म सम्पादक रहे तो उन्होंने लिखने की समझ दी, सिखाया, प्रोत्साहित किया। नाना पाटेकर, सुधांशु मिश्र, हृतिक रोशन, राकेश रोशन आदि के बड़े इण्टरव्यू छापे।

भोपाल में वे जब भी आते थे तो यही लगता था कि पास ही रुकें। हमेशा किसी निमंत्रण पर भी वे आये तो यही चाहा कि ऐसी जगह रुकें जहाँ मैं तत्काल पहुँच सकूँ। वे भोपाल में होते थे तो उनको अकेला बिल्कुल नहीं छोड़ता था। भोपाल में वे हमारे प्राय: सभी आत्मीय मित्रों से जुड़ गये थे। सबके साथ समरस। सिनेमा पर उनका बोलना सम्मोहित करता था हमेशा। निरन्तर बिना किसी दोहराव के तथ्यपरक बातें वे करते थे। कई बार वे फिल्म पत्रकारिता सीख रहे छात्रों को शुरू में ही कह देते थे कि मैं आपके लिए ही बताने वाली बात की पूरी तैयारी से आया हूँ, यदि आप गम्भीर न हुए, आपका मन न लगा तो मेरा आना बेकार, आपका सुनना बेकार, आपकी संस्था का यह सारा का सारा उपक्रम बेकार। इसलिए  पहले बता दीजिए, आपकी रुचि है या नहीं तिस पर सभी छात्र नतमस्तक, सर आप बताइये, हम सुनेंगे, बैठेंगे।

आज सुबह जूनी इन्दौर के मुक्तिधाम में उनकी निष्प्राण देह को देखकर सब्र छूट गया। वही सब कर्टन रेजर की तरह, इस तरह तो उनको कभी नहीं देखा था। वे अपनी आँखें, सिनेमा प्रेम में दान कर गये, उनके जाने के बाद भी उनकी आँखें सिनेमा देखती रहें इसलिए। प्रभु जोशी, सरोज कुमार, राकेश मित्तल, मानसिंह परमार वहाँ पर बोल रहे थे, ताम्रकर जी के बारे में, सच-सच। प्रभु जी ने कहा मेरे अविभावक थे, सरोज जी ने कहा कि श्रेय से दूर रहते थे, बहुत सी बातें। 

अक्सर, इन्दौर में उनसे मिलकर भोपाल रवाना होते हुए उनका एक आदेश सुनता था, भोपाल पहुँचते ही खबर करूँ। अब नहीं कहेगा कोई और खबर भी किसे करूँ......?

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इन्दौर में बीस वर्षों से निरन्तर फिल्म पत्रकारिता पढ़ाते रहने वाले ताम्रकर जी के नाम पर वहाँ इस विषय की एक पीठ स्थापित कर दी जाये तो शायद किसी तरह की कठिनाई न होगी। परमार जी, मित्तल जी, कुलपति इस अहम काम को सहजतापूर्वक ही कर सकते हैं।