सोमवार, 14 फ़रवरी 2011

सुर्खियाँ और शाहिद कपूर

शाहिद कपूर एक चॉकलेटी चेहरा है। मासूम और खूबसूरत हीरो। उनके चेहरे पर गजब का भोलापन है। सभी को सुहाते हैं। जब टिप्स ने उनको पहली बार लाँच किया था, तब लगता नहीं था, कि उनका स्थान इतनी जल्दी आसानी से बन जायेगा। बावजूद एक जीनियस अभिनेता पंकज कपूर के बेटे होने के, उन्होंने शुरूआत अपने ही बूते की थी। पहली फिल्म को मिली सफलता से उनके रास्ते खुले, एक के बाद एक फिल्में मिलीं और धीरे-धीरे सभी बड़े कैम्प में वे शामिल हुए। यशराज कैम्प से लेकर विशाल भारद्वाज की फिल्म कमीने तक उनकी यात्रा दिलचस्प रही है।

निश्चित तौर पर शाहिद कभी ऐसी पर्सनैलिटी नहीं बन पाये कि नम्बर एक की दौड़ में शामिल दिखायी दें मगर वे चलन से कभी बाहर नहीं हुए और इन सात-आठ सालों में उनको खूब जाना गया। उनको एक परस्पर ख्याति करीना कपूर के प्रेमी होने की भी मिली, जिसमें कोई परदेदारी नहीं थी। उनके किस्से तमाम, आम हुए मगर जोड़ी भी कमाल थी जो परदे पर न सही परदे के बाहर तब तक जमती रही, जब तक अचानक उसके टूट जाने की खबर नहीं आयी। करीना, सैफ की हो गयीं और शाहिद कुछ समय अकेले रहकर पहले विद्या बालन और फिर प्रियंका चोपड़ा के करीब आये।

कमीने में प्रियंका, शाहिद कपूर की नायिका रही हैं। इस फिल्म से ही नजदीकियाँ किस्सों में तब्दील हुईं और यह मासूम, शाहिद एक बार फिर जिस दुनिया की जीवनशैली में महारथ हासिल करने वाले के रूप में लोकप्रिय हुआ, एक बार फिर हो गया।

अभी एक विज्ञापन में जिस तरह प्रियंका और शाहिद दिखायी दे रहे हैं, उसमें अनौपचारिकता और रिश्ता दोनों दिखायी देते हैं। वैसे शाहिद को चाहने वाले, उनके हमदर्द यह चाहते भी थे कि टूटे दिल का यह खिलौना, फिर खिल उठे। खिलौना खिल भी उठा और खिलखिला भी रहा है। शाहिद एक कलाकार के रूप में मेहनती और अपने किरदार को जी-भरके जीने वाले माने जाते हैं। कमीने से उन्होंने यह साबित भी किया। उनको भरपूर सफल जानकर उनके पिता का प्यार भी उन पर उमड़ आया है जो उनको लेकर मौसम फिल्म निर्देशित कर रहे हैं। यह फिल्म पूरी होने को है।

इसके अलावा शाहिद को एक सबसे अच्छा अनुबन्ध ए.आर. मुरुगदौस से मिला है जो तमिल फिल्म सेवन ए एम अराइवु को हिन्दी में शाहिद को नायक लेकर बनाने जा रहे हैं। गजनी मुरुगदौस और शाहिद का यह जोड़ कमाल करेगा, ऐसी उम्मीद है।

पाठकों की जानकारी के लिए बता दें, सेवन ए एम अराइवु में मुख्य भूमिका दक्षिण के सुपरहिट अभिनेता सूर्या ने निभायी है, गजनी की ही तरह। हिन्दी दर्शक शाहिद को इस भूमिका में देखेंगे। शाहिद रोमांचित हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: